
उदयपुर, 15 अक्टूबर: शहर की सफाई व्यवस्था और यातायात सुधारने को लेकर महापौर पारस सिंघवी और शहर विधायक ताराचंद जैन ने सख्ती दिखाई। महापौर ने नगर निगम में सफाई ठेकेदारों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि केवल टेंडर लेना पर्याप्त नहीं है, काम भी धरातल पर दिखना चाहिए। लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। वहीं, विधायक ने शोभागपुरा में निर्माणाधीन चौराहे का निरीक्षण कर अवैध पार्किंग, नाले पर अतिक्रमण और सड़क के बीच आ रहे बिजली के खंभे को हटाने के निर्देश दिए।
महापौर सिंघवी ने कहा कि सफाई कार्यों की गुणवत्ता के आधार पर ही ठेकेदारों के बिल पास होंगे। जिन क्षेत्रों में सफाई संतोषजनक नहीं मिलेगी, वहां भुगतान रोका जाएगा। कम दरों पर टेंडर लेकर काम में कोताही बरतने वाले ठेकेदार या तो अपनी कार्यप्रणाली सुधारें या काम छोड़ दें, अन्यथा उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी की सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
शोभागपुरा में अवैध पार्किंग पर नोटिस के निर्देश
विधायक ताराचंद जैन ने यूडीए अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ शोभागपुरा में जूडियो स्टोर के सामने बन रहे नए चौराहे का निरीक्षण किया। यहां सड़क सीमा में करीब 20 फीट तक दोपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहन खड़े मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने भवन मालिक को नोटिस जारी कर वाहनों को निर्धारित बेसमेंट या पार्किंग क्षेत्र में खड़ा करवाने के निर्देश दिए। सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सड़क और नाले के बीच स्थित बिजली के खंभे से यातायात बाधित होने की स्थिति सामने आई। विधायक ने संबंधित अभियंताओं को खंभा तत्काल किनारे शिफ्ट करने के निर्देश दिए। दुकानदारों की ओर से नाले पर बनाए गए रैंप और सीढ़ियों को भी हटाने को कहा। उनका कहना था कि अतिक्रमण हटने से सड़क चौड़ी होगी और खाली जगह का उपयोग पार्किंग के लिए किया जा सकेगा।
ठेलों और ऑटो रिक्शा पर कार्रवाई के निर्देश
यूनिवर्सिटी रोड की ओर लगने वाले जाम को देखते हुए विधायक ने यातायात पुलिस को सड़क पर खड़े फास्ट फूड ठेलों और ऑटो रिक्शा के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौराहे को व्यवस्थित और सुंदर बनाया जाएगा।
नए शामिल वार्डों की सफाई पर भी नाराजगी
महापौर ने नगर निगम में शामिल सीसारमा, बड़गांव, बेदला, सुखेर, भुवाणा, अंबेरी, शोभागपुरा, बेडवास, लकड़वास, कलड़वास और तितरड़ी में कचरे के ढेर और कचरा जलाने की घटनाओं पर नाराजगी जताई। बैठक में नेहरू बाल उद्यान स्थित होज की तस्वीरें भी दिखाई गईं। महापौर ने स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा और निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा को नियमित रूप से फील्ड में निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने झीलों और पर्यटन स्थलों की सफाई में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।