
उदयपुर, 6 अक्टूबर: शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और आगामी वर्षा काल में जलभराव की स्थिति से बचने के लिए नगर निगम की ओर से नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मंगलवार को महापौर पारस सिंघवी ने सुखाड़िया समाधि के समीप चल रहे नाला निर्माण कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर निगम दुर्गा नर्सरी से लेक सिटी मॉल तक नाले का नए सिरे से निर्माण करा रहा है। पूर्व में वर्षाकाल में अशोक नगर तिराहे पर नाला क्षतिग्रस्त होने से जल निकासी प्रभावित हुई थी। महापौर ने कहा कि यह शहर का व्यस्त मार्ग है और पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ यातायात का दबाव बढ़ेगा। इसलिए कार्य की गति बढ़ाई जाए।
उन्होंने निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और निर्धारित मापदंडों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शहरवासियों से निर्माण कार्य पूरा होने तक यथासंभव वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की, ताकि यातायात संबंधी असुविधा कम हो सके।