
उदयपुर, 13 अक्टूबर: डूंगरपुर जिले के रामा गांव में सोमवार शाम लेपर्ड ने करीब एक घंटे के अंतराल में दो महिलाओं पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों घटनाएं लगभग 200 फीट की दूरी पर हुईं। एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे डूंगरपुर रेफर किया गया, जबकि दूसरी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हमलों के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शाम करीब छह बजे 28 वर्षीय रिंकू पत्नी शंकर गायरी भैंसों को लेने जा रही थीं। इसी दौरान लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। उनके गले और हाथ पर गहरे घाव आए। परिजन उन्हें आसपुर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डूंगरपुर रेफर कर दिया गया।
करीब एक घंटे बाद 48 वर्षीय जसुकुंवर पत्नी करण सिंह राठौर पर भी लेपर्ड ने हमला कर दिया। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद लेपर्ड जंगल की ओर भाग गया। सूचना पर पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार, लेपर्ड नहर के पास तालाब किनारे दिखाई दिया था। वन विभाग ने उसकी निगरानी के साथ पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।