
उदयपुर, 2 अक्टूबर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रतापनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13.01 ग्राम एमडीएमए के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। दोनों आरोपियों से एमडीएमए की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छवि शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी अजय सिंह राव के नेतृत्व में थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने प्रतापनगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई कर जसवंत पुत्र शांतिलाल निवासी भादसौड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ तथा पूजा पत्नी नरेश निवासी प्रतापनगर, उदयपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 13.01 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया। मामले में प्रतापनगर थाने में प्रकरण संख्या 546/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और 8/29 के तहत कार्रवाई की गई है।