
मंडफिया, 14 अक्टूबर: मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर के भंडार से चार राउंड में अब तक 23 करोड़ 14 लाख 22 हजार 100 रुपए की राशि निकल चुकी है। बुधवार को चौथे राउंड की गिनती में 1 करोड़ 74 लाख 10 हजार रुपए मिले। भंडार की गिनती अभी जारी है। गुरुवार को भी गिनती होगी। इसके बाद ही दानराशि का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा।
मंदिर का भंडार 9 अक्टूबर को खोला गया था। पहले राउंड में 9 करोड़ 35 लाख 65 हजार 100 रुपए मिले थे। दूसरे राउंड में 5 करोड़ 94 लाख 35 हजार और तीसरे राउंड में 6 करोड़ 10 लाख 12 हजार रुपए की गिनती हुई थी। चौथे राउंड में मिली राशि के साथ कुल आंकड़ा 23.14 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है।
भंडार की गिनती के शेष राउंड के अलावा ऑनलाइन दान का हिसाब और निकले सोने-चांदी का तौल भी बाकी है। इन प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद मंदिर को प्राप्त कुल दान की जानकारी सामने आएगी।