
बांसवाड़ा, अक्टूबर 1: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) बांसवाड़ा ने वन नाका तलवाड़ा, गढ़ी रेंज में तैनात फॉरेस्ट गार्ड भूपेश पाटीदार को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसीबी बांसवाड़ा के उप अधीक्षक पुलिस रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में हुई। कार्रवाई के दौरान कैमरा देखते ही आरोपी चेहरा छिपाता रहा। एसीबी अधिकारी के बार-बार कहने के बावजूद उसने चेहरा ऊपर नहीं किया।
एसीबी के अनुसार परिवादी लंबे समय से वन भूमि पर काबिज होकर कृषि कार्य कर रहा था। भूमि के पट्टे के लिए वन विभाग द्वारा सत्यापन कर पत्रावली तैयार कर आगे भेजी जा रही थी। पत्रावली आगे बढ़ाने की एवज में फॉरेस्ट गार्ड रिश्वत मांग रहा था। बातचीत में उसने पहले 6 हजार रुपए मांगे, लेकिन परिवादी के निवेदन पर 5 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। 30 सितंबर को रिश्वत मांग का सत्यापन कराया गया।
एसीबी ने रिश्वत लेते भूपेश पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके घर की भी तलाशी ली गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।