
उदयपुर, 13 अक्टूबर: जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन के अंतिम दिन उदयपुर में राजनीतिक हलचल तेज रही। पूर्व विधायक, मौजूदा विधायकों के परिजन और पूर्व सांसद प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया।
मावली के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, वल्लभनगर से भाजपा के विधायक प्रत्याशी रहे हिम्मत सिंह झाला और मावली के कांग्रेस विधायक पुष्करलाल डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी ने जिला परिषद के लिए पर्चा भरा। गिर्वा पंचायत समिति के वार्ड-4 से कांग्रेस के विवेक कटारा ने नामांकन दाखिल किया। कटारा उदयपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं।
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला ने वार्ड-2 और राजसिंह झाला ने वार्ड-32 से नामांकन भरा। भाजपा के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान वार्ड-40 से मैदान में हैं। भाजपा विधायक फूलसिंह मीणा की बेटी संजना मीणा, पूर्व प्रधान प्रतिभा नागदा, जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया और घनश्याम मेनारिया ने भी नामांकन दाखिल किया।
जिला परिषद वार्ड-39 से भाजपा प्रत्याशी 23 वर्षीय नंदिनी चौहान ने महिला सुरक्षा और शिक्षा को प्राथमिकता बताया। कांग्रेस प्रत्याशियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में खाद-पानी की कमी, महंगाई, सड़कों, स्ट्रीट लाइट और बढ़ती चोरियों को प्रमुख मुद्दा बताया।