
उदयपुर, 7 अक्टूबर: शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की ओर से कार्रवाई का क्रम बुधवार को भी पूरी मुस्तैदी से जारी रहा। निगम की टीम ने देहली गेट से बापू बाजार होते हुए सूरजपोल मार्ग तक कार्रवाई करते हुए दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर रखे सामान को हटाया तथा कई सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ व्यापारियों ने विरोध भी जताया। इस पर मौके पर मौजूद निगम अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें समझाया।
निगम टीम ने दुकानों के बाहर रखे बोर्ड, टेबल, बेंच सहित अन्य सामान हटवाया और रास्ते में रखी कई सामग्रियां जब्त कर लीं। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर सड़क या फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कार्रवाई के दौरान होमगार्ड और सिविल डिफेंस के जवान भी टीम के साथ मौजूद रहे। निगम ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य मुख्य बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू करने के साथ पैदल चलने वाले लोगों को राहत देना है।