
उदयपुर, 4 अक्टूबर: शहर में सड़क सीमा में अतिक्रमण और वाहनों के कारण लगने वाले जाम के खिलाफ नगर निगम ने रविवार को कार्रवाई की। राजस्व शाखा की टीम ने सूरजपोल से गुलाबबाग रोड पर बाबूजी जोधपुर मिष्ठान भंडार और प्रताप चाट कचोरी के बाहर बने अस्थायी निर्माण हटाए तथा सामान जब्त किया।
बाबूजी जोधपुर मिष्ठान भंडार के बाहर बनाए गए स्ट्रक्चर को निगम टीम ने हटाया। यहां ग्राहकों के वाहन सड़क सीमा में खड़े होने के कारण यातायात प्रभावित होने की शिकायतें थीं। इसके बाद टीम ने प्रताप चाट कचोरी के बाहर रखा थैला भी हटाया। कार्रवाई के दौरान इलेक्ट्रिक भट्टी, काउंटर सहित अन्य सामान जब्त किया गया।
एक दिन पहले शनिवार को इसी मार्ग पर लंबा जाम लगा था। उस दौरान नगर निगम मेयर पारस सिंघवी भी वहां से गुजर रहे थे। जाम देखकर उन्होंने मौके पर व्यवस्थाएं संभाली और वाहनों को निकलवाया था। इसके बाद निगम ने कार्रवाई की।
सूरजपोल के पुराने पुलिस कंट्रोल रूम से गुलाबबाग जाने वाले मार्ग पर सप्ताहांत में बड़ी संख्या में लोग नाश्ते और खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। दुकानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बनती है।
राजस्व शाखा के विजय जैन, मोहित अग्निहोत्री सहित टीम ने दुकानदारों को सड़क सीमा में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने के लिए पाबंद किया।