
उदयपुर, 6 अक्टूबर: आगामी त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने खजुराहो-उदयपुर के बीच द्वि-साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 13-13 ट्रिप संचालित होगी। इससे मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04141 खजुराहो-उदयपुर स्पेशल रेलसेवा 8 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और सोमवार को खजुराहो से रात 8 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 5.50 बजे उदयपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04142 उदयपुर-खजुराहो स्पेशल 9 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और मंगलवार को रात 10 बजे उदयपुर से रवाना होगी तथा अगले दिन रात 8.45 बजे खजुराहो पहुंचेगी।
22 स्टेशनों पर ठहराव
स्पेशल रेलसेवा दोनों दिशाओं में दुरियागंज, एमसीआरएस छतरपुर, खड़गपुर, टीकमगढ़, बिरारी, वीजीएल झांसी, ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर, आगरा कैंट, बयाना, हिंडौन, श्रीमहावीरजी, गंगापुर, सवाई माधोपुर, केशोराय पाटन, बूंदी, चंदेरिया, कपासन, मावली और राणाप्रतापनगर स्टेशनों पर ठहरेगी।
18 डिब्बों की होगी ट्रेन
रेलसेवा में एक सैकण्ड एसी, पांच द्वितीय शयनयान, 10 साधारण श्रेणी तथा दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 18 डिब्बे होंगे। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए शुरू की जा रही इस सेवा से उदयपुर सहित मार्ग में पड़ने वाले शहरों के यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।