उदयपुर में AVVNL के JEN को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

उदयपुर, 31 अगस्त 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की उदयपुर इकाई ने कार्रवाई करते हुए AVVNL ऑफिस देबारी, उदयपुर के JEN सागर मीणा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। यह कार्रवाई ACB मुख्यालय के निर्देश पर की गई।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ACB उदयपुर को शिकायत मिली थी कि परिवादी के गांव खाम की मादड़ी स्थित निर्माणाधीन मकान पर घरेलू विद्युत कनेक्शन करने की एवज में JEN सागर मीणा रिश्वत राशि की मांग कर परेशान कर रहे हैं।

घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए मांगे 35 हजार रुपये

परिवादी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ACB उदयपुर के कार्यालय में शिकायत प्रस्तुत की थी। उसने बताया कि निर्माणाधीन मकान पर घरेलू विद्युत कनेक्शन के लिए ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था।

इसके बाद 18 अगस्त 2026 को आरोपी JEN सागर मीणा और लाइनमैन प्रेमजी मौके पर पहुंचे और सर्वे किया। उन्होंने विद्युत कनेक्शन के लिए DP और पोल लगाए जाने की आवश्यकता बताई।

परिवादी के अनुसार, JEN सागर मीणा ने सरकारी डिमांड राशि के अतिरिक्त 35 हजार रुपये खर्चा-पानी के रूप में देने की मांग की। इस संबंध में परिवादी अपने मित्र के साथ आरोपी से मिला। बातचीत के दौरान आरोपी ने रिश्वत की राशि कम करते हुए 15 हजार रुपये की मांग की और कहा कि जब तक राशि नहीं दी जाएगी, तब तक फाइल आगे नहीं बढ़ेगी।

सत्यापन के दौरान लिए 5 हजार रुपये

परिवादी की शिकायत के संबंध में रिश्वत राशि की मांग का सत्यापन कराया गया। इसमें आरोपी JEN द्वारा रिश्वत राशि की मांग की पुष्टि हुई।

मांग सत्यापन के दौरान आरोपी ने अपने कार्यालय में परिवादी से विद्युत कनेक्शन के लिए 5 हजार रुपये रिश्वत के रूप में प्राप्त कर लिए। शेष 10 हजार रुपये बाद में लेना तय हुआ।

कार्यालय में 10 हजार रुपये लेते पकड़ा

इसके बाद ACB के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा मय टीम ने ट्रैप कार्रवाई आयोजित की।

कार्रवाई के दौरान आरोपी सागर मीणा को उसके कार्यालय में परिवादी से शेष 10 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

उदयपुर और बांसवाड़ा में आवासों की तलाशी

ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी सागर मीणा के उदयपुर एवं बांसवाड़ा स्थित आवासीय मकान एवं फ्लैट की सघन तलाशी ली जा रही है। साथ ही आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

ACB द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

ACB ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

ACB ने बताया कि किसी व्यक्ति के विरुद्ध ACB में प्रकरण, अभियोग या प्राथमिक जांच आदि दर्ज होने पर संबंधित व्यक्ति ACB से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। प्रस्तुत स्पष्टीकरण का ACB द्वारा विस्तृत विश्लेषण करने के बाद ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाना ACB की कार्यप्रणाली का हिस्सा है।

ACB ने कहा कि यह जानकारी ACB के नाम से डराकर धोखाधड़ी आदि का शिकार होने की संभावना के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में योगदान देने की अपील की है। ACB के टोल फ्री नंबर 1064 और WhatsApp हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर 24×7 संपर्क किया जा सकता है। ACB के अनुसार, वह लोगों के वैध कार्य करवाने में पूरी सहायता करेगी।

Leave a Comment

BCCI updates Abhishek Sharma’s health before Pak match. Taarak Mehta’s Sonu to Make a Comeback! Badri Cow: Unique Breed of Uttarakhand’s Mountains Spider Plant Tips Turning Brown? Causes and Solutions. Actress falls for cricket host, enjoys romantic party!