Maharana Vishvaraj Singh Mewar

विद्या प्रचारणी सभा की आज होने वाली बैठक व चुनाव स्थगित, महाराणा विश्वराज सिंह के निर्देश जारी

उदयपुर, 13 फरवरी 2026 । विद्या प्रचारणी सभा, भूपाल नोबल्स इंस्टीट्यूशंस से जुड़े लंबित न्यायिक मामलों के बीच 13 फरवरी 2026 को प्रस्तावित बैठक और चुनाव को स्थगित कर दिया गया है। सभा के अध्यक्ष एवं मुख्य संरक्षक महाराणा विश्वराज सिंह मेवाड़ ने इस संबंध में औपचारिक निर्देश जारी किए हैं।

Maharana Vishvaraj Singh Mewar

जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि नए सदस्यों की नियुक्ति को लेकर विवाद लंबित है, जिस पर न्यायालय में सुनवाई जारी है। इस संबंध में केस नंबर 620/2025 (C.M.A.), C.M.A. नं. 15/2026, उदयपुर न्यायालय तथा असिस्टेंट कमिश्नर, देवस्थान विभाग के समक्ष प्रकरण नं. 67/2026 विचाराधीन हैं।

पत्र के अनुसार C.M.A. 15/2026 में पारित आदेश में माननीय न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्थिति में यह निर्धारित नहीं किया जा सकता कि नए सदस्यों की नियुक्ति निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप हुई है या नहीं। साथ ही, अध्यक्ष एवं मुख्य संरक्षक के रूप में महाराणा विश्वराज सिंह को यह अधिकार दिया गया है कि वे परिस्थितियों के अनुसार चुनाव पर रोक लगाने या अन्य उपयुक्त निर्णय लेने पर विचार कर सकते हैं।

इसी के मद्देनज़र उन्होंने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए 13 फरवरी 2026 की प्रस्तावित बैठक एवं चुनाव को न्यायालय के अंतिम निर्णय अथवा विवाद के समाधान तक स्थगित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रशासन का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, किंतु विशेष परिस्थितियों में दैनिक Administrative कार्य जारी रहेंगे। इस दौरान डॉ. युवराजसिंह झाला, बलवंतसिंह शिशवी और अधिवक्ता नरेंद्र सिंह के सहयोग से नियमित कार्य संपादित किए जाएंगे। विधानसभा सत्र के उपरांत उदयपुर लौटने तक, 9 सितंबर 2025 के पत्र के अनुसार बाहरी ऑडिट (External Audit) प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

अपने वक्तव्य में महाराणा विश्वराज सिंह ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परदादा स्व. महाराणा भूपाल सिंह द्वारा स्थापित शैक्षणिक संस्था का न्यायिक विवादों में उलझना दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही प्रबंधन से जुड़े एक व्यक्ति पर मीडिया में लगाए गए गंभीर आरोपों से संस्था की गरिमा प्रभावित हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *